भागलपुर (BHAGALPUR): बिहार के भागलपुर में छठ पूजा के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवती अपने पिता के साथ बंदूक से फायरिंग करती नजर आ रही है. बताया जा रहा है कि युवती के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और उनके पास लाइसेंसी हथियार है. मामला बिहपुर प्रखंड के बिहपुर मध्य पंचायत का बताया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद हथियार के इस्तेमाल और सार्वजनिक रूप से फायरिंग किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
दरअसल, लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान जहां लोग सूर्य उपासना और पूजा-अर्चना में व्यस्त थे, वहीं सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने एक अलग ही चर्चा छेड़ दी है. वीडियो में युवती अपने पिता के साथ बंदूक से फायरिंग करती दिखाई दे रही है. इस दौरान उनके पीछे कुछ अन्य लोग भी मौजूद नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि वीडियो कोमल कुमारी नाम की सोशल मीडिया आईडी से साझा किया गया है. हालांकि, वीडियो कब बनाया गया और फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस कराएगी वायरल वीडियो की जांच
मामले को लेकर मुख्यालय डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ मनोज कुमार सुमन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी. जांच के दौरान वीडियो की सत्यता, हथियार के इस्तेमाल और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी. इसके बाद तथ्यों के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. ऐसे में फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और कथित हर्ष फायरिंग के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है.
