Bihar

बिहार : श्रावणी मेला उद्घाटन में CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, जानिए किन योजनाओं को मिली मंजूरी

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बिहार : श्रावणी मेला उद्घाटन में CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, जानिए किन योजनाओं को मिली मंजूरी

भागलपुर (BHAGALPUR) :विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के उद्घाटन समारोह का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा नमामि गंगे घाट, सुल्तानगंज में किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गान के साथ हुआ. इसके बाद बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर श्रावणी मेला का विधिवत उद्घाटन किया.

स्मृति चिन्ह देकर स्वागत

समारोह में जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने सभी अतिथियों का पुष्प, पौधा एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया. इस अवसर पर श्रावणी मेला पुस्तक का लोकार्पण तथा श्रावणी मेला मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया गया.

मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल ने श्रावणी मेला को राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने, सुल्तानगंज को अनुमंडल बनाने, अंगिका भाषा को विषय कोड देने तथा शाहकुंड प्रखंड में चांदन पुल निर्माण की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा. इन मांगों का समर्थन उपस्थित मंत्रियों और सांसदों ने भी किया.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण 31 दिसंबर 2027 तक पूरा कर उसे चालू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क का कार्य जल्द शुरू होगा तथा सुल्तानगंज में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में भी तेजी से काम किया जाएगा.

501 मॉडल स्कूल खोले गए हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 501 मॉडल स्कूल खोले गए हैं, जहां छात्रों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संकल्प के अनुरूप राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का कार्य किया जा रहा है. इसी दिशा में प्रत्येक वर्ष युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह विकास कार्य प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग एवं प्रयासों से आगे बढ़ रहे हैं.

कार्यक्रम में बांका सांसद गिरधारी यादव, भागलपुर सांसद अजय मंडल, विधायक मिथुन यादव, विधायक शोभानंद मुकेश, एमएलसी विजय कुमार सिंह, एमएलसी एन.के. यादव, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार सहित एनडीए के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे.