☰
Bihar

भागलपुर में चिराग पासवान का विपक्ष पर हमला, EVM से लेकर संसद तक उठाए सवाल

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

भागलपुर(BHAGALPUR): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भागलपुर में विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने EVM को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले सवालों पर पलटवार किया. साथ ही कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन, संसद की कार्यवाही और विपक्ष की राजनीति पर भी सवाल खड़े किए.

EVM के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष लंबे समय से EVM को लेकर सवाल उठाता रहा है, लेकिन जब विधान परिषद के चुनाव बैलेट पेपर से हुए तो विपक्ष की स्थिति क्या रही, उन्होंने कहा कि विपक्ष नागपुर की एक सीट जीतकर अपनी पीठ थपथपा रहा है, जबकि बिहार में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति किसी से छिपी नहीं है. उन्होंने सवाल किया कि बिहार में आखिरी बार कांग्रेस की सरकार कब बनी थी, उस समय कौन सा EVM इस्तेमाल हो रहा था, उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस दशकों से सरकार बनाने में सफल नहीं हुई है. ऐसे में हर चुनाव में EVM को दोष देना कहां तक उचित है.

दूसरे देशों का उदाहरण देकर लगाया आरोप

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान, फ्रांस, इटली और स्पेन जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि विपक्ष भारत में भी इसी तरह के हालात पैदा करना चाहता है.

संसद की कार्यवाही बाधित करने पर भी निशाना

चिराग पासवान ने संसद के बजट और मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के रवैये पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जब भी सदन की कार्यवाही चलती है, विपक्ष किसी न किसी मुद्दे पर उसे बाधित करता है. इससे जनता के पैसे और समय दोनों की बर्बादी होती है. उन्होंने आशंका जताई कि आगामी शीतकालीन सत्र में भी विपक्ष इसी तरह के बहाने बनाकर सदन की कार्यवाही प्रभावित कर सकता है. उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व देशहित के बजाय विदेशी ताकतों की सोच को मजबूती दे रहे हैं.