☰
Bihar

गांजा की बड़ी खेप के साथ भाई बहन गिरफ्तार, ट्रेन से ले जाने वाले थे दिल्ली

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

भागलपुर: बिहार में शराबबंदी के बाद अवैध तरीके से नशे का सामान सिर्फ दूसरे राज्य से लाया ही नहीं जाता है बल्कि अन्य राज्यों में पहुंचाए भी जाते हैं. हालांकि नशा के कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर है और लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में रविवार को सीआईबी की टीम ने भागलपुर के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपए मूल्य के 32 किलो गांजा के साथ भाई बहन को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार महिला नशा कारोबार के आरोप में पहले भी जेल जा चुकी है.

गिरफ्तार तस्करों की पहचान भागलपुर के नौगछिया के गोपालपुर निवासी रेणु देवी तथा भाई पूर्णिया के टीकापट्टी निवासी रंजीत कुमार के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि सीआईबी की टीम को सूचना मिली थी कि विक्रमशिला एक्सप्रेस से गांजा की बड़ी खेप दिल्ली ले जाई जा रही है. टीम ने स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी और भाई बहन की संदिग्ध हरकत दिखने के बाद उनकी जांच की. इस दौरान इनके पास से करीब 32 किलो गांजा बरामद हुआ जिसकी बाजार मूल्य करीब 16 लाख रुपए बताई जा रही है.

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने अपने आप को भाई बहन बताते हुए जानकारी दी कि वह गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे. फिलहाल टीम दोनों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है. बताया जा रहा है कि महिला पहले भी गांजा तस्करी के आरोप में 5 साल जेल की सजा काट चुकी है. अब जांच एजेंसियां गांजे की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और दिल्ली में किस व्यक्ति या गिरोह को सौंपी जानी थी. इसके अलावा पूर्णिया और नवगछिया से जुड़े संभावित तस्करी नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है.

TagsBihar