Bihar

भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

भागलपुर (BHAGALPUR) :बिहार के भागलपुर में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी. बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहल्ले में भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी. गोली लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. अचानक हुई फायरिंग और हत्या की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई.

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा

सूचना मिलने के बाद बबरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके का निरीक्षण करने के साथ घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई.पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भाजपा नेता की हत्या के पीछे क्या वजह थी और हमलावर कौन थे. अपराधियों के भागने की दिशा समेत अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की तलाश

सिटी एसपी अतुलेश झा के मुताबिक, वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार हमलावरों के बारे में सुराग मिल सके. पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

भाजपा विधायक रोहित पांडे भी पहुंचे मौके पर

भाजपा मंडल अध्यक्ष की हत्या की जानकारी मिलने के बाद भाजपा विधायक रोहित पांडे भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. राजनीतिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे. फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.

TagsBihar