☰
Bihar

बिहार: भागलपुर में ट्रेन की चपेट में आया परिवार, पति-पत्नी की मौत, 4 साल का बच्चा घायल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

भागलपुर (BHAGALPUR): जिले के जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर अकबरनगर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को ट्रेन हादसा हो गया. रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान वर्धमान पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद चार साल का मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. हादसे की सूचना रेलवे पुलिस और आरपीएफ को दी गई, जिसके बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची.

जानकारी के मुताबिक, मृतक दंपती बांका जिले के अमरपुर इलाके के रहने वाले थे. दोनों अपने चार वर्षीय बच्चे के साथ ट्रेन पकड़ने के लिए अकबरनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि इसी दौरान वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे. तभी सामने से आ रही वर्धमान पैसेंजर ट्रेन की चपेट में पूरा परिवार आ गया. ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की.

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. रेल पुलिस ने हादसे के कारणों की जानकारी जुटाने के साथ मृतक पति-पत्नी की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू की है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार रेलवे ट्रैक पार क्यों कर रहा था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. वहीं गंभीर रूप से घायल चार वर्षीय बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद एक बार फिर रेलवे स्टेशनों और रेल पटरियों के आसपास सुरक्षा नियमों का पालन करने की जरूरत सामने आई है.

TagsBihar