Bihar

भागलपुर डकैती कांड का बड़ा खुलासा! तारापीठ से मास्टरमाइंड समेत 7 बदमाश गिरफ्तार

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

भागलपुर (BHAGALPUR): भागलपुर पुलिस ने मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डकैती कांड का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत कुल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है.इनमें वे आरोपी भी शामिल हैं, जो वारदात को अंजाम देने के बाद पश्चिम बंगाल के तारापीठ भागकर छिप गए थे.दरअसल, 9 जुलाई 2026 को मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के गणेशीबाग निवासी नीलू देवी, पति रविशंकर रजक के घर हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोल दिया था. बदमाशों ने हथियार के बल पर घर से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया था. पीड़िता के बयान पर मधुसूदनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

 तारापीठ से मुख्य आरोपी समेत 7 अपराधी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण तथा गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की.जांच के दौरान पुलिस ने सूरज साह, संतोष कुमार साह, मिथुन कुमार मंडल, बृजेंद्र कुमार, सज्जन कुमार, अर्जुन कुमार और अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया.इनमें कुछ आरोपी पश्चिम के तारापीठ में छिपे हुए थे, जहां से उन्हें पकड़कर भागलपुर लाया गया.

ये चीज़ें बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 52 ग्राम सोना,एक देसी कट्टा,एक जिंदा कारतूस,53 हजार रुपये नकद,6 मोबाइल फोन रिकवर किया है.पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है.पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

TagsBihar