भागलपुर (BHAGALPUR) : श्रावणी मेला के दौरान कांवड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरकार के पीएचडी मंत्री संजय कुमार सिंह ने सुल्तानगंज के कांवड़िया पथ स्थित कमराय चौक के पास बनाए गए जर्मन हैंगर सेवा शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया.
मंत्री का बुके और अंगवस्त्र देकर स्वागत
इस अवसर पर भाजपा नेता रवि कुमार सुमन उर्फ अरुण मंडल, पूर्व नगर उपसभापति मनोज यादव, नगर प्रदेश उपाध्यक्ष (अल्पसंख्यक मोर्चा) मोहम्मद नसीम, पियूष कुमार सहित कई एनडीए कार्यकर्ताओं और पीएचडी विभाग के अधिकारियों ने मंत्री का बुके और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया.
यहां बेहतर सुविधा मिल रही है
उद्घाटन के बाद मंत्री संजय कुमार सिंह ने जर्मन हैंगर टेंट में ठहरे कांवड़ियों से मुलाकात कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. कांवड़ियों ने शिविर में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यहां बेहतर सुविधा मिल रही है.
जर्मन हैंगर टेंट लगाए गए हैं
मीडिया से बातचीत में मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि इस वर्ष श्रावणी मेला को देखते हुए पीएचडी विभाग की ओर से कांवड़िया पथ पर कई स्थानों पर जर्मन हैंगर टेंट लगाए गए हैं. इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, चापाकल, शौचालय और स्नान के लिए झरने जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.
श्रद्धालुओं को परेशानी न हो
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि श्रावणी मेला में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. यदि कहीं किसी प्रकार की कमी की सूचना मिलती है तो उसे एक-दो दिनों के भीतर दूर कर लिया जाएगा. विभाग के अधिकारी लगातार कांवड़िया पथ का निरीक्षण कर रहे हैं और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं.
सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस मौके पर पीएचडी विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे.
