Bihar

सुलतानगंज जा रहे कांवरियों का ऑटो पलटा, असम के श्रद्धालु की मौत, पांच घायल

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

BHGALPUR:भागलपुर-सुलतानगंज मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में असम से आए एक कांवरिया श्रद्धालु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य श्रद्धालु घायल हो गए. हादसा महेशी गांव के पास उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट के खंभे से टकरा गया और कई बार पलट गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया.

मृतक की पहचान असम के चपराकाटा स्थित बोए गांव निवासी 40 वर्षीय शंकर दत्ता के रूप में हुई है. हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं. उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं अन्य घायल श्रद्धालुओं का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, असम से 21 कांवरियों का एक जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए निकला था. भागलपुर पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने सुलतानगंज जाने के लिए दो ऑटो किराये पर लिए. यात्रा के दौरान महेशी गांव के पास एक ऑटो अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया. तेज रफ्तार में चल रहा वाहन पहले सड़क किनारे लगे सीमेंट के खंभे से टकराया और फिर दो बार पलट गया. हादसे के कारण ऑटो में सवार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना में घायल श्रद्धालु पूपली राय ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि ऑटो चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और साथ ही मोबाइल फोन पर भी बात कर रहा था. इसी वजह से उसका ध्यान सड़क से हट गया और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सभी घायलों को पहले सुलतानगंज सरकारी अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शंकर दत्ता, पूपली राय, महादेव सरकार और बाखल बर्मन को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान शंकर दत्ता की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है.

परिजनों ने बताया कि शंकर दत्ता अविवाहित थे और असम में पंडाल सजावट का काम करते थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. इधर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश की जा रही है. वहीं बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.

TagsBihar