☰
Bihar

भागलपुर में पुलिस की पकड़ से फरार हुआ आर्म्स एक्ट का आरोपी, चांदन नदी की तेज धार में लगाई छलांग

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

भागलपुर (BHAGALPUR): बिहार के भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से एक आरोपी के लापता होने का मामला सामने आया है. हथियार के साथ पकड़े गए संतोष यादव ने कथित तौर पर पुलिस की पकड़ से निकलकर चांदन नदी की तेज धार में छलांग लगा दी. अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. नदी में काफी तलाश के बाद भी आरोपी का पता नहीं चल सका.

जानकारी के मुताबिक, संतोष यादव जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोतहदीपुर गांव का रहने वाला है. पुलिस ने उसे हथियार रखने के आरोप में पकड़ा था. पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए थे. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही थी.

सिपाही के साथ नदी में कूदने का दावा

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम संतोष यादव को लेकर चांदन नदी के पास से गुजर रही थी. इसी दौरान उसने अचानक एक सिपाही के साथ नदी की उफनती धार में छलांग लगा दी. घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि अन्य पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला. नदी में गिरा सिपाही किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन संतोष यादव तेज बहाव के बीच गायब हो गया. इसके बाद पुलिस ने नदी और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तत्काल उसका कोई सुराग नहीं मिला.

परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

संतोष यादव के नदी में लापता होने की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार की चिंता बढ़ गई है. परिजनों का कहना है कि पुलिस उसे पकड़कर ले गई थी और बाद में उन्हें उसके नदी में कूदने की जानकारी मिली. परिवार ने उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, संतोष यादव की तलाश लगातार की जा रही है. नदी किनारे और आसपास के संभावित स्थानों पर भी छानबीन की गई है. उसके पास से कथित तौर पर बरामद देसी कट्टा और कारतूस को जब्त कर लिया गया है. साथ ही पुलिस उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है. फिलहाल संतोष यादव का पता नहीं चलने के कारण यह सवाल बना हुआ है कि वह तेज बहाव में बह गया या किसी तरह नदी से निकलने में सफल रहा. पुलिस की तलाश जारी है.

TagsBihar