भागलपुर(BHAGALPUR) : सावन की पहली सोमवारी पर बिहार के प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से आए करीब पांच लाख श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान कर गंगाजल भरा. इसके बाद भक्तों ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के साथ बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया.
श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं
सुबह से ही मंदिर और गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूर-दराज से आए कांवड़ियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए पैदल और वाहनों से यात्रा शुरू की.
श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं
अजगैबीनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी ने बताया कि इस वर्ष सावन में चार सोमवारी हैं. उन्होंने कहा कि पहली सोमवारी पर भगवान शिव का जलाभिषेक करना बेहद शुभ माना जाता है और इससे श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण पुजारियों को पूजा कराने में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंगा घाट से लेकर पूरे शहर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. डीएसपी नवनीत कुमार लगातार मंदिर परिसर और गंगा घाट का निरीक्षण करते रहे. वहीं नगर परिषद की ओर से तीन शिफ्टों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया.
बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा धाम
हालांकि मंदिर परिसर में पीएचईडी विभाग की ओर से पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने के कारण कई कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.इसके बावजूद पूरे दिन श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा और अजगैविनाथ धाम हर-हर महादेव व बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा.
