पटना: गुरुवार शुक्रवार की मध्यरात्रि भागलपुर विशेष कारा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब भारी पुलिस बल के साथ अधिकारियों का जत्था पहुंच गया. छापेमारी करीब 3 बजे तक चली जिसमें अधिकारी और पुलिसकर्मियों ने जेल के सभी वार्डों की सघन तलाशी ली. इतना ही नहीं जेल के बाथरूम, अस्पताल और स्नानागार तक को भी खंगाला गया. हालांकि छापेमारी के दौरान कुछ भी आपत्तिजनक या संवेदनशील वस्तु बरामद नहीं की गई.
कैदी वार्ड समेत बाथरूम तक की तलाशी
छापेमारी अभियान का नेतृत्व प्रभारी डीएम और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव कर रहे थे जबकि छापेमारी टीम में सिटी एसपी अतुलेश झा, ग्रामीण एसपी समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी तथा पुलिसकर्मी शामिल थे. छापेमारी के दौरान जेल के कैदियों समेत कर्मियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही. इस दौरान कारा के विभिन्न वार्डों, बैरकों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की सघन तलाशी ली गई. कारा परिसर में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित सभी पहलुओं का जायजा लिया गया.
प्रभारी डीएम और एसएसपी ने कहा कि कारा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता एवं गंभीरता बरती जा रही है. इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं विशेष छापेमारी अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कारा के अंदर से किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों का संचालन न हो तथा कारा परिसर में प्रतिबंधित वस्तुओं के उपयोग की कोई गुंजाइश न रहे.
छपरा जेल में भी छापेमारी
लगभग इसी समय में इधर छपरा जेल में भी अधिकारी और पुलिसकर्मियों की फौज पहुंची. यहां भी टीम ने कैदी वार्ड से लेकर जेल के चप्पे चप्पे की तलाशी ली. सारण जेल में सिटी एसपी राजकिशोर सिंह और सदर अनुमंडल अधिकारी नितेश कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी में कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं किया गया. SDO नितेश कुमार ने कहा कि कारा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. औचक निरीक्षण और विशेष छापेमारी से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जेल के भीतर से किसी आपराधिक गतिविधि का संचालन नहीं हो.