☰
Bihar

थाने के सामने हाईवा ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, चालक की मौत, 6 गंभीर घायल, जानिए कहां हुआ दर्दनाक हादसा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

भागलपुर (BHAGALPUR): भागलपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हो गए. घटना रसलपुर थाना के ठीक सामने हुई, जहां यात्रियों से भरे ई-रिक्शा और एनटीपीसी की फ्लाई ऐश से लदे हाईवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े. घायलों में दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है.

मृतक की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र के सिलहन गांव निवासी लुटेशर ठाकुर के 21 वर्षीय पुत्र अमित ठाकुर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अमित ई-रिक्शा पर यात्रियों को लेकर बिहार बॉर्डर की ओर से एकचारी रेलवे स्टेशन जा रहे थे. इसी दौरान रसलपुर थाना के सामने तीखे मोड़ पर फ्लाई ऐश से लदा हाईवा (BR10GB2120) सामने आ गया. आरोप है कि हाईवा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गलत दिशा में आकर ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा चालक अमित ठाकुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

हादसे के बाद ई-रिक्शा पर सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और डायल 112 की पुलिस की मदद से सभी घायलों को कहलगांव अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों की पहचान बृजेश तांती, राजेश मंडल, भुवनेश्वर पासवान, आयुष कुमार, रोजी देवी और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. इनमें बृजेश तांती और प्रिंस कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया.

घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. वहीं, हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों का कहना है कि रसलपुर थाना के सामने सड़क संकरी है और तीखा मोड़ होने के कारण यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है. इसके बावजूद सड़क किनारे जब्त की गई गाड़ियां खड़ी रहती हैं, जिससे आवागमन में परेशानी होती है. ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है. इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क पर खड़े वाहनों, संकरे रास्तों और तेज रफ्तार से होने वाले हादसों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

TagsBihar