भागलपुर (BHAGALPUR) : भागलपुर के मॉडल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. अस्पताल में चार बेड का अत्याधुनिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) वार्ड बनकर तैयार हो गया है. इस नई सुविधा का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ. राजू कुमार तथा अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में किया गया.
सदर अस्पताल में ही मिलेगी आईसीयू की सुविधा
आईसीयू वार्ड शुरू होने के बाद अब गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजने की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी. पहले सदर अस्पताल में जब कोई गंभीर मरीज आता था तो प्राथमिक उपचार के बाद उसे मायागंज अस्पताल रेफर करना पड़ता था. इससे इलाज शुरू होने में देरी होती थी. अब मरीजों को सदर अस्पताल में ही तुरंत आईसीयू की सुविधा मिल सकेगी.
गंभीर मरीजों का समय पर इलाज संभव होगा
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अस्पताल में चार बेड का आईसीयू पूरी तरह तैयार है और इसे मरीजों की सेवा के लिए शुरू कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि आईसीयू में 24 घंटे डॉक्टरों और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके. सदर अस्पताल प्रभारी डॉ. राजू कुमार ने बताया कि इस नई सुविधा से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी. गंभीर मरीजों का समय पर इलाज संभव होगा, जिससे उनकी जान बचाने में भी मदद मिलेगी.
अस्पताल में आईसीयू की शुरुआत का स्वागत
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को एक ही जगह बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए.स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल में आईसीयू की शुरुआत का स्वागत किया है. उनका कहना है कि इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिलेगी. अब उन्हें गंभीर स्थिति में दूसरे अस्पताल जाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी. सदर अस्पताल में आईसीयू वार्ड की शुरुआत को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. इससे न केवल मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी पहले से अधिक प्रभावी और सुलभ हो सकेंगी.
