☰
Bihar

सनातन धर्म की परंपराओं, दर्शन और सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने में संत समाज की भूमिका अहम - सीएम

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कैमूर जिला के भभुआ प्रखंड अंतर्गत परसिया ग्राम में आयोजित श्री भाष्यकार श्रीरामानुजाचार्य सहस्राब्दी महामहोत्सव एवं दिव्य-भव्य विराट अंतर्राष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से आए साधु-संतों, धर्माचार्यों एवं श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए मां मुंडेश्वरी की पावन धरती को नमन किया. इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिव्य एवं भव्य धर्म सम्मेलन में शामिल होने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है. संतों के आशीर्वाद से ही देश और समाज का कल्याण होता है. सनातन संस्कृति, संतों के आशीर्वाद एवं जनसहभागिता से विकसित भारत और समृद्ध बिहार का संकल्प साकार होगा. सनातन धर्म की परंपराओं, दर्शन और सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने में संत समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति हजारों वर्षों से पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करती रही है. भारत को सशक्त एवं विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प भारत को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है. 'मेक इन इंडिया' जैसी पहलों के माध्यम से देश की औद्योगिक क्षमता बढ़ाई जा रही है. भारत की गौरवशाली सभ्यता और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार भी विकास और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए व्यापक कार्य किए हैं. उनके द्वारा निर्धारित विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने और उनके सपनों को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है. धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में प्राचीन मंदिरों के विकास और जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. लगभग 3,500 करोड़ रुपये की लागत से गयाजी स्थित विष्णुपद मंदिर का विकास एवं जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा है. सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास एवं जीर्णोद्धार के लिए भी लगभग 1,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है. हजारों वर्ष प्राचीन मां मुंडेश्वरी मंदिर का विकास एवं जीर्णोद्धार भी कराया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैमूर और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. मां मुंडेश्वरी मंदिर और गुप्ताधाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों तक श्रृद्धालुओं की पहुंच आसान बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. पटना से हेलीकॉप्टर के माध्यम से गुप्ताधाम एवं मां मुंडेश्वरी के दर्शन की सुविधा शुरू की गयी है. साथ ही, कैमूर की पहाड़ियों और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए यहां इको टूरिज्म विकसित किया जा रहा है. सासाराम और कैमूर की प्राकृतिक खूबसूरती फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को भी आकर्षित कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास पर लगातार काम किया गया है. गांव-गांव तक बिजली पहुंची है और विकास की योजनाओं का विस्तार हुआ है. राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में बिहार में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी व्यक्ति को मजबूरी में मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े. इसके लिए उद्योगों की स्थापना, निवेश को प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बिहार से बाहर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों से भी अपील की कि वे अपनी जन्मभूमि के विकास में योगदान दें. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से समृद्ध और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है. उन्होंने संतों एवं धर्माचार्यों से आशीर्वाद की कामना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से बिहार विकास के पथ पर और तेजी से आगे बढ़ेगा.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रख्यात संत पूज्य श्री लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. कार्यक्रम के दौरान सांसद सह प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया. कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, सांसद मनोज तिवारी, विधायक भरत बिंद, विधायक संगीता कुमारी, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह, भाजपा के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडे, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, शाहाबाद क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सत्य प्रकाश, कैमूर के जिलाधिकारी कुमार अनुराग, पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरीय पदाधिकारी, देश के विभिन्न हिस्सों से आए साधु-संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.

TagsBihar