Bihar

हमारी गलती क्या... महिला को छुड़ाने थाने पहुंचे युवक, तो थानाध्यक्ष को आ गया गुस्सा, फिर जो किया देखिए

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

बेतिया (BETTIAH): बिहार पुलिस के अलग-अलग कारनामे सोशल मीडिया के जरिए और समाचार के माध्यम से आए दिन देखने को मिलते हैं, जिसमें वे कभी असहज हरकतें करते नजर आते हैं, कभी शराब के नशे में झूमते नजर आते हैं, तो कभी ऑर्केस्ट्रा में डांस करते नजर आते हैं. वहीं, एक ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक थानाध्यक्ष थाने में एक युवक को डंडे से पीटते हुए नजर आ रहे हैं. युवक को इतने बेरहमी से पिटाई की जा रही है कि लोग रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन थानेदार साहब काफी गुस्से में लग रहे हैं. तभी तो वह युवक को बिना रुके पीट रहे हैं. दरअसल, बेतिया के नवलपुर थाना परिसर में मंगलवार की रात हुए हंगामे के बाद थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने कुछ युवकों को दौड़ाकर डंडे से पीटते हुए एक पुलिस अधिकारी नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर इस अधिकारी की पहचान नवलपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार के रूप में बताई जा रही है. हालांकि, वीडियो की पुष्टि हमारा चैनल नहीं करता है.

पढ़ें पूरा मामला क्या है 

बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात नवलपुर थाना पुलिस ने एक युवती के अपहरण मामले में चनपटिया थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव से किरण देवी को गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार, किरण देवी इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त हैं. गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद कुछ लोग उसे छुड़ाने के लिए नवलपुर थाना पहुंचे. पुलिस के अनुसार, शुरुआत में दो लोग थाने पहुंचे और गिरफ्तार महिला के संबंध में उग्र होकर पूछताछ करने लगे. पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ. इसके बाद करीब 15 से 20 लोगों का समूह थाना पहुंच गया. पुलिस का आरोप है कि भीड़ ने ओडी कक्ष में जबरन प्रवेश कर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट की.

पढ़ें आखिर क्यों डंडा से युवकों को पिटने लगे थानाध्यक्ष

हंगामा बढ़ने पर थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक, भीड़ के उग्र होने के बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी. इसके बाद आत्मरक्षार्थ साधारण बल का प्रयोग करते हुए मौके से नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया. इसी घटनाक्रम के बीच का बताया जा रहा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में थानाध्यक्ष कुछ युवकों को डंडे से पीटते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

पढिये मामले पर थानाध्यक्ष ने क्या बोला

वायरल वीडियो के संबंध में नवलपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार महिला को छुड़ाने के लिए पहुंचे उग्र लोगों के समूह में शामिल एक युवक पर आत्मरक्षार्थ साधारण बल का प्रयोग किया गया था.गौरतलब है कि नवलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच जनवरी को शादी की नीयत से नाबालिग युवती के अपहरण का मामला सामने आया था. इसी मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने मंगलवार को चनपटिया थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव से किरण देवी को गिरफ्तार किया था.

TagsBihar