☰
Bihar

अस्पताल में महिला कर्मचारी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जानिए पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बेतिया(BATTIAH: पश्चिमी चम्पारण के बेतिया स्थित गंगा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अस्पताल के एक कमरे से शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है,जबकि अस्पताल प्रबंधन ने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है.वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए

घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया. इसके बाद एफएसएल की टीम भी अस्पताल पहुंची और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतका के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं है. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और कुछ कर्मचारियों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और अस्पताल परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा.

पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे

वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर कहा है कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे. प्रबंधन का कहना है कि घटना बेहद दुखद है और सच्चाई सामने लाने के लिए जो भी जांच होगी. उसमें हर संभव सहयोग दिया जाएगा.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल इस घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा और वैज्ञानिक जांच तथा साक्ष्यों के आधार पर ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

 

TagsBihar