बेतिया (BIHAR): पश्चिम चंपारण के बेतिया में एक स्वर्ण व्यवसायी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे व्यवसायी को रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. गोली सीने में लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया लेकर पहुंचे.घायल की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ गांव निवासी 45 वर्षीय गोविंद साह के रूप में हुई है. वह स्वर्गीय सुरेंद्र साह के पुत्र बताए गए हैं.
रात करीब नौ बजे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, गोविंद साह मनुआपुल में सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं. सोमवार रात करीब नौ बजे दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से अपने गांव गरभुआ जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली चला दी. गोली उनके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.फायरिंग की आवाज सुनने के बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे. सूचना मिलने पर व्यवसायी के परिजन और ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया.
जीएमसीएच की इमरजेंसी में कराया गया भर्ती
गोविंद साह को रात करीब साढ़े नौ बजे जीएमसीएच बेतिया की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी, ताकि गोली की स्थिति और शरीर के अंदर लगी चोटों का पता लगाया जा सके. इसी बीच अस्पताल में मौजूद परिजनों और ग्रामीणों के बीच इलाज तथा जांच को लेकर नाराजगी बढ़ने की बात सामने आई. इसके बाद इमरजेंसी के आसपास हंगामे जैसी स्थिति बन गई.
अस्पताल में कथित तोड़फोड़,अधिकारिक पुष्टि नहीं
सूत्रों के अनुसार, हंगामे के दौरान अस्पताल की कुछ संपत्ति को नुकसान पहुंचा. मौके की तस्वीरों में एक क्षतिग्रस्त बेड जमीन पर पड़ा और कुछ मेडिकल सामान फर्श पर बिखरा दिखाई दिया. हालांकि, नुकसान किसने किया और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है. इस बीच परिजन और ग्रामीण घायल व्यवसायी को बिना रेफर कराए निजी एंबुलेंस से अस्पताल से लेकर चले गए.
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अपराधियों की पहचान करने के साथ हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस की जांच के बाद ही हमले के कारणों और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
