बेतिया (BETTIAH): बिहार के बेतिया स्थित बेलबाग चौक पर उस समय सनसनी फैल गई, जब मिष्ठान प्रतिष्ठान के पास फुटपाथ पर लगे मोमोज के ठेले के पास अचानक जोरदार धमाका हुआ.जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गए. घटना के बाद कुछ देर के लिए चौक पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
मामले की जांच कर रही हैं पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह, अपर थानाध्यक्ष कंचन भास्कर और नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी. वहीं, एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल और आसपास बिखरे अवशेषों की जांच की तथा आवश्यक नमूने एकत्र किए.मिष्ठान प्रतिष्ठान के संचालक ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात वह दुकान के अंदर मौजूद थे. इसी दौरान अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर बाहर आने पर आसपास धुआं फैला हुआ था. धमाके के कारण मोमोज के ठेले के समीप रखा डस्टबिन भी चकनाचूर हो गया.
सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों को पकड़ने में लगी है पुलिस
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवकों के स्कूटी से घटनास्थल के पास पहुंचने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि युवकों ने सड़क के पश्चिमी छोर पर स्कूटी खड़ी की थी. पुलिस को संदेह है कि उन्हीं युवकों की गतिविधि से धमाके का संबंध हो सकता है. हालांकि, प्रारंभिक जांच में तेज आवाज वाले पटाखे के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है. घटना की वास्तविक वजह एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी.फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान करने में जुटी है. घटना के बाद बेलबाग चौक और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है.
