☰
Bihar

डीसीएलआर लिखे वाहन में सवार थे तीन लोग, पुलिस ने रोककर देखा तो उड़ गए होश!

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

बेगूसराय: बिहार में वर्ष 2016 में शराबबंदी लागू होने के साथ ही अवैध रूप से तस्करी करने वाले लोग सक्रिय हो गए. पुलिस जब कार्रवाई कर शराब तस्करी के तरीके का पर्दाफाश करती है तो तस्कर दूसरा तरीका खोज लेते हैं. बेगूसराय से शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है कि पुलिस के भी होश उड़ गए. दरअसल बेगूसराय पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पन्हास के समीप वाहन जांच के दौरान डीसीएलआर लिखी एक गाड़ी से भारी मात्रा में शराब बरामद किया है. इस दौरान पुलिस ने तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है.

सरकारी अधिकारी का बोर्ड लगे वाहन से शराब तस्करी का मामला सामने आते ही पुलिस समेत पूरे जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आई है कि शराब मोकामा से लाई गई थी और वह रजौरा पहुंचाया जाना था. शराब तस्करों की पहचान जिनेदपुर निवासी आनंद कुमार, रजौरा निवासी सत्यम कुमार तथा बिट्टू कुमार के रूप में की गई है. यह कार्रवाई लोहियानगर थाना की पुलिस तथा डीआईयू की टीम ने की. वाहन से पुलिस ने 216 लीटर शराब बरामद किया है.

जांच के दौरान सामने आया है कि वाहन अनुबंध पर चल रहा था. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डीसीएलआर लिखे वाहन से शराब की तस्करी किस उद्देश्य से की जा रही थी. इस संबंध में पूछे जाने पर बखरी डीसीएलआर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि संबंधित वाहन शुक्रवार को न तो भाड़े पर था और न ही उसका चालक उपलब्ध था. उन्हें वाहन के गैरेज में होने की सूचना दी गई थी. इस कारण उस दिन दूसरा वाहन भाड़े पर लिया गया था. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और सरकारी पदनाम वाले बोर्ड के इस्तेमाल के पीछे की पूरी कहानी खंगाल रही है.

TagsBihar