☰
Bihar

चार महीने महिला के साथ हुई थी दरिंदगी अब बदमाशों ने छत से नीचे फेंका, फिर जो हुआ...

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश दिख रहा जबकि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. घटना बेगूसराय के चकिया थाना क्षेत्र इलाके की है जहां चार महीने पहले सामूहिक दुष्कर्म की शिकार एक महिला के साथ बदमाशों ने फिर से हैवानियत की. बताया जा रहा है कि बीती रात बदमाशों ने महिला को घर की छत से नीचे फेंक दिया जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गई. आरोप है कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए बदमाश केस उठाने की धमकी दे रहे थे और अब उन लोगों ने ही इस घटना को भी अंजाम दिलवाया है. फिलहाल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बीते जून महीने में पांच दरिन्दों ने महिला के साथ हैवानियत की थी साथ ही उसके प्राइवेट पार्ट में लकड़ी के टुकड़े और कारतूस डाल दिया था. महिला इस हैवानियत से उबर भी नहीं पाई थी कि अब एक बार फिर इस घटना को अंजाम दिया गया. बताया जा रहा है कि जून महीने की घटना के आरोप में पुलिस ने 4 बदमाशों को जेल भेज दिया है जबकि एक अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है. आरोपी की तरफ से केस खत्म करने का दबाव बनाया जा रहा है. आशंका जाहिर की जा रही है कि इसी वजह से बदमाशों ने एक बार फिर उसके ऊपर जानलेवा हमला किया.

मामले में पीड़िता के पति ने आरोप लगाया कि हैवानियत के आरोपी केस वापस लेने का लगातार दबाव बना रहे हैं तथा कई बार घर पर आ कर गाली गलौज करते हुए जान मारने की धमकी भी दे चुके हैं. सोमवार की रात बदमाश अचानक उनके घर पहुंचे। पहले उन्होंने आसपास रहने वाले उनके भाई के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और छिपकर बैठ गए. कुछ देर बाद जब उनकी भाभी ने दरवाजा खुलवाने के लिए पीड़िता को फोन किया तो महिला अपने कमरे से बाहर निकली. इसी दौरान दो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और घर की छत पर ले गए. आरोप है कि वहां से बदमाशों ने महिला को नीचे फेंक दिया. करीब 15 फीट नीचे गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.

घटना के बाद आसपास के लोग जुटने लगे तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़िता के पति का कहना है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे कि अगर मुकदमा वापस नहीं लिया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. वहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बदमाश सरकारी सहायता के रूप में मिले तीन लाख रुपये को लेकर भी दबाव बना रहे थे. उनका कहना था कि पीड़िता के पास 3 लाख रुपये हैं और वह रकम उन्हें दी जाए. जबकि पीड़िता का कहना है कि उसे सरकार की ओर से सिर्फ तीन लाख रुपये की सहायता मिली है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस सक्रिय हुई और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. मामले को लेकर मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

TagsBihar