Bihar

बेगूसराय में रफ्तार का कहर! आमने-सामने भिड़ीं दो स्कॉर्पियो, 3 की मौत

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
बेगूसराय में रफ्तार का कहर! आमने-सामने भिड़ीं दो स्कॉर्पियो, 3 की मौत

बेगूसराय(BEGUSARAI):बेगूसराय में सोमवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.जबकि नौ से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास एनएच-31 की है.

 3 की दर्दनाक मौत

 जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया निवासी हिमांशु कुमार, सनी कुमार और ऋषभ कुमार के रूप में हुई है.वहीं इसी स्कॉर्पियो पर सवार रूपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए है. बताया जा रहा है कि पोखरिया से छह युवक स्कॉर्पियो पर सवार होकर सिमरिया गंगा घाट स्नान करने जा रहे थे. स्नान के बाद जन्मदिन मनाने की भी योजना थी.इसी दौरान अंग्रेजी ढाला के पास सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.

हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर

दूसरी स्कॉर्पियो बखरी थाना क्षेत्र से बारात लेकर विनोदपुर जा रही थी इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.हादसा इतना भीषण था कि एक स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से निकालकर अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

परिवारों में कोहराम

इधर, तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया. वहीं बारात लेकर जा रहे लोगों के हादसे का शिकार होने से शादी की खुशियां भी पलभर में गम में बदल गई. आपको बताते चले कि बेगूसराय में तेज रफ्तार ने एक बार फिर तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए, जबकि कई लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे है.पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायलों का इलाज जारी है.