☰
Bihar

शराब तस्करों की तलाश में पहुंची पुलिस को देख युवक ने बूढ़ी गंडक में लगा दी छलांग, डूब कर हुई मौत

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

बेगूसराय: बेगूसराय में पुलिस से बचने के लिए एक युवक ने बूढ़ी गंडक में छलांग लगा दी जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजन समेत स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और शव को सड़क पर रख जाम कर दिया तथा जम कर हंगामा किया. परिजनों ने पुलिस पर हथियार तान कर गोली मारने की धमकी देने तथा नदीं में कूदने के बाद बचाने की कोशिश नहीं करने का आरोप लगाया है. पूरा मामला बेगूसराय के डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर गांव का है जबकि मृतक की पहचान स्थानीय धारों यादव के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि मृतक पर पहले से कई मामले दर्ज थे.

पुलिस को देख कर बूढ़ी गंडक नदी में कूदा

जानकारी के अनुसार रविवार की शाम पुलिस गांव में शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी. गांव में पुलिस की गाड़ी देखने के बाद सभी लोग अचंभित हो गए और इसी बीच धारो यादव अपनी तरफ पुलिस को आते देख भागने लगा. लोगों ने कहा कि भागते हुए उसने गांव से बह रही बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगा दी. इसके कुछ देर बाद तक पुलिस उसे देखती रही फिर वहां से निकल गई. इधर मामले की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद युवक की खोजबीन शुरू की गई और स्थानीय गोताखोर की मदद से करीब दो घंटे बाद उसका शव निकाला गया. युवक का शव मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया.

परिजनों ने कहा पुलिस करती कोशिश तो बच सकती थी जान

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवक पर हथियार तान कर गोली मारने की धमकी दी थी जिसके बाद वह नदी में कूद गया. नदी में कूदने के बावजूद पुलिस उसे निकलने पर गोली मारने की धमकी देती रही लेकिन बचाने की कोशिश नहीं की. अगर पुलिस उसकी जान बचाने के लिए तत्परता दिखाती तो वह बच जाता. घटना के बाद लगभग पूरा मौके पर पहुंच गया और कटारमाला बांध पर शव रख सड़क जाम कर दिया.

आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामले थे दर्ज

मामले की जानकारी मिलने के बाद बलिया डीएसपी सुबोध कुमार, थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दे कर शांत कराया. मामले में थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि युवक के विरुद्ध पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है. पुलिस को देख कर वह भागने लगा था और बूढ़ी गंडक नदी में कूद गया जिसकी वजह से डूब कर उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार मृतक धारो यादव के विरुद्ध एक ग्रामीण ने गाली गलौज करने और जान मारने की नियत से गोली चलाने का भी आरोप था.

TagsBihar