Bihar

कस्तूरबा विद्यालय वार्डन की हत्या का राज खुला, आईजी ने किया सनसनीखेज खुलासा,जानिए पूरा मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बेगूसराय (BEGUSARAI) : बेगूसराय जिले में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन रिंकू की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. शुरुआत में इस घटना को लेकर हत्या और आत्महत्या दोनों तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं. लेकिन अब पुलिस की जांच में यह साफ हो गया है कि यह एक सुनियोजित हत्या का मामला है.

मामले की परत-दर-परत सच्चाई सामने आई

मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर इस मामले की गहन पड़ताल की. घटनास्थल से मिले साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट, तकनीकी इनपुट और संदिग्धों से पूछताछ के बाद मामले की परत-दर-परत सच्चाई सामने आई. जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में दोनों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं. उनकी निशानदेही पर घटना से जुड़े अहम साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है

आईजी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ था. हालांकि पुलिस ने जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला और हर पहलू की बारीकी से जांच की. वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि वार्डन रिंकू की हत्या की गई थी. उन्होंने कहा कि पुलिस ने कम समय में मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और इस साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

परिजनों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की

मामले के खुलासे के बाद मृतका के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द से जल्द न्याय की मांग की है. बड़ी पुत्री और छोटी पुत्री ने भी दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की. वहीं, आईजी विकास वैभव ने भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष जांच के साथ सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा. बेगूसराय में इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है.

TagsBihar