बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में 14 अक्टूबर से एक व्यक्ति के लापता होने के मामले में अब पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. मामले में पुलिस ने लापता व्यक्ति की पत्नी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि गढ़हरा थाना क्षेत्र के बारो गांव निवासी लापता व्यक्ति धीरज राय की पत्नी डॉली कुमारी ने अपनी प्रेमी मुकेश के साथ मिल कर ने हत्या कर दी. हत्या के बाद मृतक की पत्नी के प्रेमी ने शव को सिमरिया पुल से नदी में फेंक दिया. पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि मृतक की पत्नी के कहने पर उसने काम और कर्ज दिलाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जा कर पहले मारपीट की फिर चार्जर के तार से गला दबा कर हत्या कर दी.
पत्नी के इशारे पर पति की हत्या
पुलिस पूछताछ में मृतक की पत्नी के प्रेमी मुकेश ने बताया कि धीरज रेलवे में कॉन्ट्रैक्टर के साथ बेड रॉल का काम करता था. उसे कुछ पैसे और दूसरी नौकरी की तलाश थी. महिला ने उसे अपने रास्ते से हटाने के लिए उसे कहा था और घटना के दिन उसी के इशारे पर हत्या की घटना को अंजाम दिया. वहीं मृतक की पत्नी ने कहा कि घटना की शाम धीरज काम से घर लौटा फिर कहीं जाने की बात कह कर घर से निकला था तब मैंने मुकेश को जानकारी दी. मुकेश उसे काम और कर्ज दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और हत्या कर दी.
मृतक की पत्नी ने प्रेमी पर जताई आशंका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जब धीरज काफी देर तक घर वापस नहीं आया तो उसने गढ़हरा थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया और मुकेश कर उसे गायब करने की शंका जाहिर की थी. आवेदन में उसने पुलिस को कहा था कि करीब दो महीना पहले रुपए के लेनदेन में कुछ विवाद हुआ था और उसे शक है कि मुकेश ने ही उसे गायब किया हो. मामले में पुलिस ने मुकेश को हिरासत में लेती इससे पहले ही उसने अग्रिम जमानत ले ली थी. महिला ने अगले दिन फिर से एक आवेदन दिया और पुलिस को बताया कि मुकेश ने उसके नाम पर लोन लेकर ट्रैक्टर खरीदा और उसे अपने घर ले गया. जब उसने और उसके पति ने इस संबंध में मुकेश से बात की तो उसने दोनों को जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने दूसरे आवेदन के आधार पर मुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, और इसी दौरान कुछ शक होने पर डॉली से भी पूछताछ शुरू की और पुलिस को अहम सुराग मिले.
सिमरिया में गंगा नदी में फेंका शव
पुलिस जांच में घटना में डॉली की संलिप्तता भी प्रतीत हुई और फिर पूछताछ में दोनों ने स्वीकार कर लिया. पूछताछ में उन्होंने बताया कि मुकेश ने धीरज को 6 नंबर ढाला के पास अपनी कार में बैठाया और सिमरिया की ओर ले गया. रास्ते में एक सुनसान जगह पर उसने धीरज की पिटाई की. इस दौरान उसकी कनपटी के पास भी चोट लगी. इसके बाद मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंट दिया. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मुकेश ने शव को कार में रखा और बड़हिया से आगे तक ले गया. वहां से लौटने के बाद उसने सिमरिया पुल से शव को गंगा नदी में फेंक दिया.
लॉकडाउन के दौरान हुई थी मुलाकात
पुलिस की पूछताछ में डॉली और मुकेश के संबंधों से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है. बताया गया कि डॉली जीविका से जुड़ी थी और अक्सर बरौनी ब्लॉक जाती थी. इसी दौरान वर्ष 2020 में लॉकडाउन के समय उसकी मुलाकात मुकेश से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. मुकेश का धीरज के घर भी आना-जाना था. वह धीरज की आर्थिक मदद करता था. कुछ समय पहले उसने धीरज के घर में पत्ता-प्लेट बनाने का प्लांट भी लगवाया था. इससे परिवार के साथ उसका संपर्क और गहरा हो गया था. धीरज जब बेडरोल के काम से बाहर रहता था, तब भी मुकेश उसके घर पहुंचता था.
प्रेम संबंध का विरोध करता था मृतक पति
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान डॉली और मुकेश के बीच प्रेम संबंध बन गए थे. बाद में धीरज को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था. पुलिस की जांच में सामने आया कि इसी विवाद के बाद दोनों ने धीरज की हत्या की साजिश रची.
मामले में एसपी मनीष ने बताया कि गढ़हारा थाने में इस मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं. पुलिस ने अनुसंधान के दौरान मिले तथ्यों और पूछताछ के आधार पर डॉली और मुकेश को गिरफ्तार किया है. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.