बेगूसराय (BIHAR) : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पसपुरा स्थित गुप्ता-लखमिनिया बांध के पास एक अज्ञात व्यक्ति की सिर कटी लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और मामले की सूचना पुलिस को दी.
बांध के पास एक शव पड़ा देखा गया
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सुबह बांध के पास एक शव पड़ा देखा. जब लोग करीब पहुंचे तो पता चला कि शव का सिर धड़ से अलग है. यह दृश्य देखकर इलाके में भय का माहौल उत्पन्न हो गया. इसके बाद तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने शव को लिया कब्जे में
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शव किसी अज्ञात व्यक्ति का है और उसका सिर धड़ से अलग किया गया है. फिलहाल सिर बरामद नहीं हो सका है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी अपराधी ने पहले व्यक्ति की हत्या की और बाद में उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से सिर काटकर अपने साथ ले गया. हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.
सीसीटीवी फूटेज तलाशने में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी जा रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है ताकि घटना का जल्द खुलासा हो सके.
मटिहानी थाना की महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. जांच में एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिला है. फिलहाल शव की पहचान कराने और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है. वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं.
