बेगूसराय(BEGUSARAI): बेगूसराय में शुक्रवार को एक भी सड़क हादसा हुआ जिसमे तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे पुलिस अधिकारियों की कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई.हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक थाना प्रभारी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है.
इलाज के दौरान ड्राइवर की भी मौत
पुरी घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 की है. जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर एक सरकारी वाहन से पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे.इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई.टक्कर इतनी भीषण थी कि बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और चालक नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.वहीं गंभीर रूप से घायल रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.एक साथ तीन थाना प्रभारियों और चालक की मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दुख जताया है
वही इस भीषण सड़क हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी शोक जताया है और ट्विटर पर ट्वीट कर सभी पुलिस कर्मियों को आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है.मुख्यमंत्री ने लिखा है कि बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों एव वाहन चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है.यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है.दिवंगत आत्माओं की चिर शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ.तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ.इस दुःख की घड़ी में बिहार सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है.ॐ शांति.
