☰
Bihar

अपराधी मस्त, पुलिस पस्त: बेगूसराय में सरेआम आभूषण कारोबारी के घर में लूटपाट, फायरिंग भी की

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

बेगूसराय: बिहार में एक तरफ पुलिस क्राइम कंट्रोल के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है तो दूसरी तरफ अपराधी भी पीछे नहीं हट रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है बेगूसराय से जहां बाइक से छः की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों में एक आभूषण व्यवसायी के घर में न सिर्फ लूटपाट की बल्कि विरोध करने पर मारपीट और गोलीबारी भी की. हालांकि गोलीबारी की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन अपराधी लाखों रुपए मूल्य के जेवर लेकर भाग निकले. घटना बेगूसराय के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोदावंदपुर वार्ड संख्या 2 की है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.

घटना के संबंध में पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने बताया कि बीती देर शाम 6 की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को शौचालय में बंद कर दिया तथा घर में लूटपाट की. इस दौरान मामले की भनक लगने के बाद जब स्थानीय लोग जुटने लगे तो अपराधियों ने फायरिंग भी की. हालांकि अपराधियों के फायरिंग में किसी तरह का कोई हताहत नहीं हुआ. लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मुसहरी की तरफ फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई.

घटना के संबंध में पीड़ित ने बताया कि वह दुकान बंद कर घर आए थे. दुकान का बही खाता समेत अन्य चीजें रखने के बाद वह दुबारा बाजार चले गए, इसी दौरान बाइक से 6 की संख्या में बदमाश पहुंचे और घर के लोगों को हथियार के बल पर शौचालय में बंद कर लूटपाट की. इस दौरान जब गांव के लोग जुटने लगे तो अपराधियों ने फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना पर खोदावंदपुर थानाध्यक्ष समेत तीन अन्य थाने की पुलिस बल मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई. हालांकि कितने की संपत्ति बदमाशों ने लूटी, इसका कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं पुलिस ने मौके से दो खोखा और दो गमछा बरामद किया है.

TagsBihar