बेगूसराय (BEGUSARAI):बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने के बाद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है. आरोप-प्रत्यारोप के बीच भाजपा ने जहां अपना उम्मीदवार बदला है, वहीं जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है.केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में प्रशांत किशोर को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने प्रशांत किशोर को "फ्रॉड, चोर और गंदगी फैलाने वाला नेता" करार दिया.गिरिराज सिंह ने कहा कि इस बार जन सुराज को कोई उम्मीदवार पैसा देने वाला नहीं मिला, इसलिए प्रशांत किशोर खुद चुनाव मैदान में उतर गए.
बोले- पैसा देने वाला नहीं मिला तो खुद लड़ रहे चुनाव
बताते चलें कि केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह आज बेगूसराय के बछवाड़ा में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या बांकीपुर सीट पर भाजपा ने अपना उम्मीदवार सिर्फ इसलिए बदल लिया क्योंकि वह प्रशांत किशोर से डर गई थी? इस पर गिरिराज सिंह ने कहा कि यही प्रशांत किशोर दो साल तक बड़ी-बड़ी बातें किया करते थे, लेकिन उनके सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई.इस बार प्रशांत किशोर खुद मैदान में आए है.
अगर जीत भी गए तो क्या करेंगे?
गिरिराज सिंह ने कहा कि उम्मीदवार पार्टी का प्रतीक होता है और चुनाव पार्टी लड़ती है. जब एक उम्मीदवार ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया तो दूसरे प्रत्याशी को पार्टी के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतारा गया.उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी चुनाव लड़ती है. प्रशांत किशोर को एक मौका भी न मिले, इसके लिए उम्मीदवार बदला गया, क्योंकि सवाल भी प्रशांत किशोर ने ही खड़ा किया था.उन्होंने कहा, मैं डंके की चोट पर कहता हूं कि प्रशांत किशोर वहां से क्यों जीतेंगे? और अगर जीत भी गए तो क्या करेंगे? पूरा समय सरकार को गाली देने का काम करेंगे.
भगवान न करे कि प्रशांत किशोर जीतकर जाएं
गिरिराज सिंह ने कहा कि उनकी सरकार ने बांकीपुर का विकास किया है. नाली-गली, पार्क, बिजली और अन्य सुविधाएं बांकीपुर में उपलब्ध कराई गई है.उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने जिस व्यक्ति को चुनकर भेजा, भाजपा ने उसे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया.इसके लिए उन्होंने बांकीपुर की जनता का धन्यवाद भी दिया.एक अन्य सवाल के जवाब में गिरिराज सिंह ने कहा, "भगवान न करे कि प्रशांत किशोर जीतकर जाएं.प्रशांत किशोर फ्रॉड है.उन्होंने पिछली बार उम्मीदवारी देने के लिए पैसा वसूला था. इस बार कोई उम्मीदवार नहीं मिला तो खुद मैदान में उतर गए.उन्होंने आगे कहा, "चोरों को सारे चोर नजर आते है. जिसको कचरा देखना है, उसे सिर्फ कचरा ही दिखेगा. विकास जनता देखती है.हमें प्रशांत किशोर के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है.गिरिराज सिंह ने कहा कि राजद के 25 विधायक को जनता झेल रही है.यदि प्रशांत किशोर विधानसभा पहुंचे तो वहां भी गंदगी फैलाने का काम करेंगे.
