बेगूसराय: एक समय में राजनीति को समाज को दिशा दिलाने का एक महत्वपूर्ण कदम बताया जाता था अब वही साजिश बनाने के लिए उपयोग में आने लगा है. एक ऐसा मामला सामने आया है बेगूसराय से जहां एक नेता ने महज हथियार का लाइसेंस लेने के लिए खुद के ऊपर ही गोली चलवा की. मामला तब उजागर हुआ जब पुलिस ने फायरिंग की आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की. मामले में बेगूसराय पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव की सफारी गाड़ी पर फायरिंग किसी बाहरी हमलावर ने नहीं बल्कि खुद के भाड़े के बदमाश थे.
बेगूसराय पुलिस की मानें तो कांग्रेस नेता गौरव ने सुरक्षा और हथियार का लाइसेंस हासिल करने के उद्देश्य से खुद ही अपनी गाड़ी पर फायरिंग की साजिश रची थी. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है. वरीय पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार के निर्देश पर एसटीएफ एसओजी-03 और डीआइयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच की. इसके बाद 21 नवंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डंडारी थाना क्षेत्र के मेहा गांव निवासी कमलेश कुमार उर्फ अभिनव, नन्हू कुमार और नयागांव थाना क्षेत्र के गोरगामा गांव निवासी नितेश कुमार के रूप में हुई है.
बताया गया कि मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने कमलेश उर्फ अभिनव को उसके घर से गिरफ्तार किया. उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर नगर थाना क्षेत्र से नन्हू कुमार और नितेश को भी हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किया है. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कांग्रेस नेता कुमार गौरव ने उनके ही ऊपर फायरिंग की साजिश रची थी.
योजना के अनुसार 18 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस नेता कुमार गौरव अपनी सफारी गाड़ी से घर से निकले. उस समय गाड़ी नन्हू कुमार चला रहा था. इसके साथ ही फायरिंग की जिम्मेदारी कमलेश ने अपनी बाइक के साथ ही नितेश और एक अन्य शिवम को दी. योजना के अनुसार जमीन देखने के बहाने कुमार गौरव गाड़ी से पपरौर कब्रिस्तान के पास पहुंचे. इसी दौरान पहले से वहां मौजूद नितेश और शिवम बाइक से पहुंचे और सफारी गाड़ी पर गोलियां चलाकर फरार हो गए. पुलिस का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कमलेश व्हाट्सएप कॉल के जरिए दोनों के संपर्क में था और उनकी लोकेशन तथा गतिविधियों पर नजर रख रहा था.
पुलिस पूछताछ में कांग्रेस नेता ने पुलिस को बताया था कि काले हेलमेट पहने अज्ञात बाइक सवार हमलवार ने गोली चलाई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप कॉल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की, तो कथित साजिश का खुलासा हुआ. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, सात जिंदा गोलियां, छह मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, एक स्कॉर्पियो गाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं.