☰
Bihar

दरोगा को पूजा में नहीं मिली छुट्टी, फ्रस्टेशन में डांसर को जड़ा थप्पड़, लोगों ने घेरा तो तान दी पिस्टल, वीडियो वायरल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में जागरण कार्यक्रम के दौरान कलाकार और आयोजकों के साथ एक पुलिस अधिकारी के द्वारा धक्कामुक्की और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार जब मौजूद लोगों ने पुलिस अधिकारी का विरोध किया तो उन्होंने अपना पिस्टल निकाल कर भी लहराया. हालांकि मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं लेकिन आमलोगों के बीच पुलिस अधिकारी की हरकत चर्चा का विषय बना हुआ है. मामला बेगूसराय के पानागाछी चौक स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान का है जहां बीते 19 और 20 तारीख की रात दुर्गा पूजा के दौरान जागरण कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी ने मंच पर चढ़ कर कलाकार को थप्पड़ मारी जबकि आयोजकों के साथ भी धक्का मुक्की की. मामले का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है.

मंच पर चढ़ कलाकार को मारी थप्पड़, निकाला पिस्टल

मामले को लेकर लोगों ने बताया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था तभी एक दारोगा मंच पर चढ़ गए और कलाकार को थप्पड़ मार दिया. बीच बचाव करने आए आयोजक के साथ भी दारोगा ने धक्कामुक्की की और गाली गलौच किया. इस दौरान जब लोगों ने पुलिस अधिकारी का विरोध किया तो उन्होंने अपना पिस्टल निकाल लिया और लहराते हुए लोगों को धमकाने लगे.

जांच का जिम्मा एसडीपीओ 1 को

मामले में अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारी से माफी की मांग करते हुए कार्रवाई की भी मांग की है. मामला सामने आने के बाद बेगूसराय के एसपी मनीष ने जांच का जिम्मा सदर एसडीपीओ 1 प्रशांत कुमार को सौंपी है.

दारोगा ने समय को लेकर जताई आपत्ति

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्यक्रम सुबह तक होना था लेकिन देर रात करीब 3 बजे के आसपास अचानक दारोगा मंच पर चढ़े और कलाकार को थप्पड़ मार दिया फिर लोगों के विरोध करने पर उन्होंने अपना पिस्टल निकाल लिया और लोगों को धमकाने लगे. हालांकि आरोपी दारोगा ने कहा कि सुबह के तीन बज गए थे. कार्यक्रम का समय हो चुका था, पूरी रात सुरक्षा बल तैनात थे. कार्यक्रम बंद करने कहा जा रहा था लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा थी.

महिला कलाकार ने की माफी मांगने की मांग

मामले में महिला कलाकार ने दारोगा पर आरोप लगाया कि उन्होंने अचानक आ कर थप्पड़ मार दिया. कलाकार ने कहा कि कार्यक्रम समाप्त किया जा रहा था और हमलोग जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि दारोगा ने मंच पर आ कर थप्पड़ मार दिया. दारोगा ने आयोजक के साथ भी धक्कामुक्की और दुर्व्यवहार किया, जो कि गलत है. महिला कलाकार ने दारोगा से माफी मांगने की मांग की.

एसपी ने कहा उत्पन्न हो गई थी अव्यवस्था

मामले को लेकर एसपी मनीष ने बताया कि वीडियो सामने आया है जिसमें मंच पर धक्का मुक्की दिखाई दे रही है. मामले की जांच की जा रही है. एसपी ने कहा कि वायरल वीडियो में देर रात मंच पर कुछ डांसरों द्वारा अशोभनीय नृत्य किए जाने की बात सामने आई है. इससे कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई थी.

रिपोर्ट: मंजेश कुमार

TagsBihar