बेगूसराय: केंद्र की सरकार राज्य सरकारों के साथ मिल कर नक्सली उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चला रही है. इस अभियान के तहत सुरक्षा बल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं. इसी कड़ी में बिहार एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बेगूसराय के बरौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाथौली गांव में छापेमारी कर एक लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली विनीता भारती को गिरफ्तार किया है. वह लंबे समय से कई आपराधिक मामलों में वांछित थी. उसके विरुद्ध मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण में 5 मामले दर्ज हैं.
मूल रूप से दरभंगा के बहेड़ी थाना अंतर्गत लालपुर शिवराम की रहने वाली विनीता भारती के कई नाम हैं. वह श्वेता, अनीता, प्रतिमा और कल्पना के नाम से भी जानी जाती है. बताया जाता है कि गिरफ्तार महिला नक्सली भाकपा माओवादी संगठन की सक्रिय सदस्य है.
उसका पति अमर लाल देव उर्फ नारायण राम उर्फ नकुल भी संगठन का सक्रिय नक्सली था. वह नॉर्थ बिहार के हथियारबंद दस्ते का जोनल कमांडर बताया गया है. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 में पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर दोन क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में अमर लाल देव मारा गया था. इसके बाद भी विनीता की तलाश जारी थी. एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार महिला नक्सली के खिलाफ मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण जिले के विभिन्न थानों में हत्या और आर्म्स एक्ट सहित कुल पांच मामले दर्ज हैं. उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है.