बेगूसराय (BEGUSARAI):बेगूसराय में बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है.जहां जिले के बालिका गृह से पांच बच्चियों के एक साथ लापता होने की घटना से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए बच्चियों की तलाश के लिए अभियान चलाया.
पढ़िये एसडीएम अश्वनी कुमार ने क्या बताया
बेगूसराय के एसडीएम अश्वनी कुमार ने बताया कि लापता हुई पांच बच्चियों में से तीन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य बच्चियों की तलाश जारी है. पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. साथ ही आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.प्रशासन का कहना है कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.
हॉस्टल से बाहर कैसे निकली बच्चियां
प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि बच्चियां बालिका गृह से कैसे बाहर निकलीं और सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई. घटना के बाद बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे है. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोनों लापता बच्चियों को जल्द सुरक्षित बरामद किया जाएगा और मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
