बांका (BANKA): बिहार के बांका जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह को कथित तौर पर 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया. पटना से पहुंची टीम ने बांका शहर की नेहरू कॉलोनी स्थित BDO के निजी आवास पर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया. कार्रवाई के दौरान आवास पर मौजूद BDO के मामा बच्चन प्रसाद सिंह को भी हिरासत में लिया गया. इसके बाद दोनों को पूछताछ के लिए बांका परिसदन ले जाया गया.
प्रखंड प्रमुख की शिकायत पर शुरू हुई जांच
मामले की शुरुआत फुल्लीडूमर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश की शिकायत से हुई. आरोप लगाया गया कि पंचायती राज विभाग से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति देने और राशि की निकासी से संबंधित प्रक्रिया के बदले 75 हजार रुपये की मांग की जा रही थी.शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपों का सत्यापन कराया. रिश्वत मांगने के आरोप की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों ने ट्रैप कार्रवाई की रणनीति तैयार की.
रुपये दिए जाते हीं टीम ने की कार्रवाई
डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में निगरानी टीम मंगलवार सुबह बांका पहुंची. तय योजना के तहत शिकायतकर्ता 75 हजार रुपये लेकर BDO के आवास पर पहुंचे. आरोप है कि रकम दिए जाने के तुरंत बाद वहां पहले से तैनात निगरानी अधिकारियों ने BDO को पकड़ लिया. इसके बाद निगरानी टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और मामले से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ की.
एक दिन पहले पूर्व मुखिया से हुआ था विवाद
इस गिरफ्तारी ने इसलिए भी चर्चा बटोरी है क्योंकि एक दिन पहले फुल्लीडूमर प्रखंड कार्यालय में BDO और पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल के बीच विवाद हुआ था. जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े मामले को लेकर हुए विवाद के बाद BDO ने पूर्व मुखिया पर मारपीट और धक्का-मुक्की का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की थी. पुलिस ने मामले में पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इसके करीब 24 घंटे बाद ही BDO के खिलाफ रिश्वत मामले में निगरानी की कार्रवाई ने घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया. अब निगरानी विभाग आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है.
