बांका (BANKA):बिहार के बांका जिले में सोमवार को आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला. जहां जिले के अलग-अलग गांवों में वज्रपात की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. बताया जा रहा है कि अचानक हुई बारिश के दौरान खेतों में धान रोपनी की तैयारी कर रहे लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए.
पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत
जानकारी के अनुसार, पहली घटना बांका थाना क्षेत्र के खावा गांव की है. यहां ब्रह्मदेव यादव अपने पांच वर्षीय बेटे प्रिंस के साथ खेत में धान रोपनी की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और आकाशीय बिजली गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.वहीं दूसरी घटना बांका थाना क्षेत्र के गोलाहू गांव में हुई, जहां विनोद यादव की वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई. इसके अलावा लीलावरण गांव में सरिता देवी की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई. सभी लोग खेत में धान रोपनी से संबंधित कार्य कर रहे थे.
धान रोपने के दौरान हुआ हादसा
इसके अलावा अमरपुर थाना क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है. इस तरह जिले में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में कुल पांच लोगों की जान चली गई.घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अब तक तीन शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल लाया गया है, जबकि अन्य शवों को भी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजा जा रहा है. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है.
