बांका (BIHAR): बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बांका में उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है. भलजोर चेकपोस्ट पर जांच के दौरान टीम ने 16 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. जब्त शराब की कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई में ट्रक चालक को गिरफ्तार करने के साथ वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.
गुप्त सूचना के बाद बढ़ाई गई थी निगरानी
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड की तरफ से एक बड़े ट्रक के जरिए शराब की खेप बिहार लाई जा रही है. इसके बाद भलजोर चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ाते हुए वाहनों की सघन जांच शुरू की गई. मंगलवार सुबह हंसडीहा की ओर से आ रहे अशोक लीलैंड के 16 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई.
भूसी हटाते ही सामने आए शराब के कार्टून
शुरुआती जांच में ट्रक पर धान की भूसी से भरे बोरे दिखाई दिए. संदेह होने पर टीम ने बोरों को हटाकर अंदर की जांच की. इसके नीचे बड़ी संख्या में अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब के कार्टून छिपाए गए थे. माना जा रहा है कि जांच एजेंसियों को चकमा देने के उद्देश्य से शराब को भूसी की आड़ में ले जाया जा रहा था.
1,214 कार्टून से 10 हजार लीटर से अधिक शराब बरामद
उत्पाद विभाग के मुताबिक ट्रक से कुल 1,214 कार्टून शराब जब्त की गई है, जिसकी मात्रा 10,694.80 लीटर है. इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपये बताई गई है. शराब के कार्टून पर ‘फॉर सेल इन पंजाब ओनली’ अंकित मिला है. अधिकारियों के लिए यह तथ्य शराब की सप्लाई चेन का पता लगाने में महत्वपूर्ण हो सकता है.
राजस्थान निवासी चालक गिरफ्तार
ट्रक चला रहे 23 वर्षीय मोहन लाल को मौके से गिरफ्तार किया गया. वह राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतू थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है. टीम चालक से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि शराब कहां से लोड की गई थी और बिहार में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी.
अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की तलाश
इस मामले में मद्यनिषेध थाना बांका में कांड संख्या 415/26 दर्ज किया गया है. बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस और उत्पाद विभाग अब शराब की इस बड़ी खेप के स्रोत, संभावित गंतव्य और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटे हैं. जांच में अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क की भूमिका भी खंगाली जा रही है.
