बांका ( BIHAR) : बांका के एक निजी आवासीय स्कूल में सात साल के छात्र पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. छात्र हॉस्टल के बाथरूम में गंभीर रूप से घायल हालत में मिला. उसे पहले कटोरिया अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया. घटना के बाद परिवार और स्कूल प्रशासन में डर उत्पन्न हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
शरीर पर चाकू से कई वार
जानकारी के अनुसार, कटोरिया थाना क्षेत्र के राधानगर स्थित माउंट केरला स्कूल के छात्रावास के बाथरूम में छात्र आनंद घायल अवस्था में मिला. बताया जा रहा है कि उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे, जिससे वह लहूलुहान हो गया. घटना देर रात की बताई जा रही है.
परिवार के लोग सदमे में
घायल बच्चे के पिता कुमोद यादव ने बताया कि उन्होंने करीब एक महीने पहले ही अपने बेटे का नामांकन स्कूल में कराया था और उसे हॉस्टल में रखा था. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
वहीं स्कूल की प्राचार्य रितु ने बताया कि रोज की तरह रात में सभी बच्चों की देखभाल की गई थी. करीब 11 बजे तक सभी बच्चे अपने-अपने कमरे में सो चुके थे. देर रात कुछ बच्चे शौच के लिए बाथरूम गए, जहां आनंद को खून से लथपथ और दर्द से कराहते हुए देखा गया. इसके बाद तुरंत स्कूल प्रशासन को सूचना दी गई.
फिलहाल बच्चे का इलाज जारी
स्कूल प्रशासन की ओर से घायल छात्र को तत्काल कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया. फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है.
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र पर हमला किसने और किन परिस्थितियों में किया। पुलिस स्कूल प्रशासन, छात्रों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी.
