Bihar

बांका डबल मर्डर केस : रांची से गिरफ्तारी के बाद भागने लगा आरोपी, पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बांका डबल मर्डर केस : रांची से गिरफ्तारी के बाद भागने लगा आरोपी, पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल

बांका (BIHAR) :  बिहार के बांका जिले के चर्चित डबल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव के पास हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी सचिन सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है. फिलहाल उसका इलाज भागलपुर के अस्पताल में चल रहा है.

जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को बलिया गांव के पास धर्मराय गांव निवासी सिट्टू सिंह और गुंजन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया था. इनमें से एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी सचिन सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बांका पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सचिन सिंह रांची में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस ने देर रात उसे रांची से गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए उसे एक स्थान पर ले जाया गया. इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने भागने के दौरान फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.

पुलिस जुटी जांच में

बांका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार ने बताया कि आरोपी सुरक्षित पुलिस की निगरानी में है और उसका इलाज जारी है. उन्होंने कहा कि डबल मर्डर मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.