☰
Bihar

फर्जी दस्तावेज पर 30 वर्ष से शख्स कर रहा शिक्षक की नौकरी, असली अभ्यर्थी है रांची में इंस्पेक्टर, अब...

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

बांका: बिहार के शिक्षा विभाग में इन दिनों कई फर्जीवाड़ा का एक के बाद एक खुलासा हो रहा है. हाल ही में दो जिलों में फर्जी वेतन घोटाला के बाद अब बांका से एक और फर्जी शिक्षक का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि एक दारोगा के नाम फर्जी शिक्षक बीते 30 सालों से नौकरी कर वेतन उठा रहे थे. अब जब मामले का खुलासा हुआ और विभाग ने नोटिस जारी की तो शिक्षक कोलकाता के अस्पताल में भर्ती हो गए. मामला बांका के बाराहाट प्रखंड के प्रोन्नत मध्य विद्यालय नगरी जानुकित्ता का है जहां एक फर्जी शिक्षक का खुलासा हुआ है. मामले की जानकारी मिलते ही विभाग ने अब आरोपी फर्जी शिक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

मूल अभ्यर्थी रांची में इंस्पेक्टर 

विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 1994 में बीपीएससी द्वारा आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा के मूल अभ्यर्थी की जगह एक अन्य व्यक्ति ने जाली दस्तावेज के आधार पर ज्वाइन कर लिया. परीक्षा में सफल असली अभ्यर्थी वर्तमान में रांची में इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थापित हैं. विभागीय जांच में सामने आया कि बीपीएससी के द्वारा आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा में मनोज कुमार नाम के एक अभ्यर्थी सफल हुए थे. शिक्षक के पद पर योगदान देने से पहले ही उनका दारोगा परीक्षा का सफल परिणाम भी आ गया जिसके बाद उन्होंने शिक्षक के पद पर योगदान न दे कर दारोगा के पद पर योगदान दे दिया. इधर उनका शिक्षक पद रिक्त रह गया.

मूल अभ्यर्थी के रिक्त पद पर फर्जी तरीके से दिया योगदान

मूल अभ्यर्थी मनोज कुमार के शिक्षक पद पर योगदान नहीं देने का फायदा उठा कर फर्जी अभ्यर्थी मनोज कुमार ने मूल अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, पता और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर उस रिक्त पद पर योगदान दे दिया. इसके बाद फर्जी शिक्षक लगातार शिक्षक की नौकरी करते रहे और पंजवारा तथा बाराहाट क्षेत्र के कई विद्यालयों में नौकरी की, तथा वेतन उठाते रहे.

कैसे हुआ मामले का खुलासा

दअरसल देवघर के मोहनपुर थाना के एक कांड के अनुसंधान के दौरान यह मामला सामने आया. इसके बाद देवघर पुलिस ने बांका जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क कर संयुक्त रूप से जांच में जुट गई और फिर अब मामले का खुलासा हुआ. मामले में विभाग ने जब आरोपी शिक्षक से 1994 की परीक्षा, मैट्रिक और इंटर के मूल प्रमाण पत्र मांगे, तो वह पेश नहीं कर सका. वह केवल डुप्लीकेट प्रति ही दिखा पाया, जबकि पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार के सभी मूल दस्तावेज सत्यापन में सही मिले. विभाग द्वारा स्पष्टीकरण मांगने पर आरोपी शिक्षक कभी कोलकाता में इलाज तो कभी अन्य बहानों से कतराता रहा. विभाग द्वारा भेजे गए निबंधित पत्र भी अपूर्ण पते के कारण लौटते रहे. अंततः जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना और संचालन पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में आरोप सत्य पाए गए. इसके आधार पर जिला शिक्षा विभाग ने आरोपी को बर्खास्त करते हुए कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं.

TagsBihar