Bihar

बिहार के औरंगाबाद में NH-19 पर बड़ा हादसा, पर्यटकों से भरी बस पलटी, 13 घायल

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

औरंगाबाद (ORANGABAD): बिहार के औरंगाबाद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर देर रात एक पर्यटक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बारुण थाना क्षेत्र के सीरीस गांव के पास बस डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई. हादसे में बस में सवार 12 पर्यटकों और खलासी समेत कुल 13 लोग घायल हो गए. राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई और सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है.

कोलकाता से आगरा जा रही थी बस 

बस में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी क्षेत्र के पर्यटक सवार थे. पर्यटकों का दल कोलकाता से आगरा घूमने जा रहा था. बुधवार की मध्यरात्रि के बाद बस जब सीरीस गांव के पास पहुंची तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया.प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लंबी यात्रा के दौरान चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है. इसके बाद बस डिवाइडर से टकराई और पलट गई. अचानक हुई दुर्घटना से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.

स्थानीय लोगों ने यात्रियों को निकालने में की मदद 

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. उन्होंने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. सूचना मिलने पर बारुण थाना पुलिस और डायल-112 की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया. घायलों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया.

12 पर्यटक और खलासी घायल 

दुर्घटना में रीता सूतोधर, दिलीप बुंडू, हीरा बुंडू, शेफाली भुई, झाना बाबरी, नेमाई शिष्ट, रौतन मंडल, मालवती घोष, महाबली उरांव, चांद सूतोधर और मुराली कारक समेत अन्य यात्री घायल हुए. बस के खलासी शेख अशरफ को भी चोट आई है. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई.

हादसे के कारणों की जांच जारी 

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए NH-19 पर यातायात प्रभावित हुआ. पुलिस और प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के कारण बाधित यातायात को सामान्य कराया.बारुण थाना पुलिस और संबंधित अधिकारी हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं. शुरुआती जांच में चालक को नींद आने की बात सामने आई है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर WB41P-4739 बताया गया है. यह घटना लंबी दूरी की यात्रा करने वाले व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए पर्याप्त आराम और सतर्कता की अहमियत को एक बार फिर रेखांकित करती है.

 

TagsBihar