☰
Bihar

Breaking : औरंगाबाद में आक्रोशित भीड़ ने निजी क्लीनिक में की तोड़फोड़, एंबुलेंस में भी लगाई आग, ये है पूरा मामला...

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

औरंगाबाद: औरंगाबाद के रफीगंज में इलाजरत एक युवक की मौत की अफवाह के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए जिसके बाद जम कर बवाल हुआ. बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोगों ने एक निजी क्लीनिक में तोड़फोड़ करते हुए एंबुलेंस में आग लगा दी साथ ही करीब 5 घंटे तक सड़क जाम कर बवाल किया. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मामला मंगलवार से शुरू हुआ था जिसके बाद गुरुवार को लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की साथ ही एंबुलेंस में आग लगा दी.

मंगलवार की रात मारपीट में हुआ था घायल

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात कुछ लोग एक जख्मी व्यक्ति को लेकर रफीगंज स्थित निजी अस्पताल में पहुंचे थे. व्यक्ति की हालत गंभीर देखते हुए क्लीनिक में डॉक्टर ने इलाज करने से मना कर दिया था जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जम कर लाठी डंडे भी चले जिसमें सिकंदर खान नाम का एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. युवक को इलाज के लिए पटना में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गुरुवार की दोपहर अचानक अफवाह फैली कि सिकंदर की मौत हो गई जिसके बाद परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण निजी क्लीनिक पहुंच गए जहां मारपीट हुई थी.

आक्रोशित लोगों ने की निजी क्लीनिक में तोड़फोड़

निजी क्लीनिक के सामने भारी संख्या में पहुंचे लोग देखते ही देखते ही आक्रोशित हो गए और निजी क्लीनिक में तोड़फोड़ शुरू कर दी. इस दौरान लोगों ने अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस को भी आग के हवाले कर दिया. हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाये. उनका आरोप था कि जिस समय सिकंदर के साथ क्लीनिक में मारपीट की जा रही थी, उस समय पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे. इसके बावजूद पुलिसकर्मी मारपीट रोकने के बजाय कथित तौर पर वीडियो बनाते रहे और मूकदर्शक बने रहे.

पुलिस पर लगाए कई आरोप

आक्रोशित लोगों ने स्थानीय थानाध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाये. उनका कहना था कि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती, तो घटना इतनी गंभीर नहीं होती. लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. इस पूरे मामले से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं. वायरल वीडियो में क्लीनिक परिसर में हंगामा और पुलिस की मौजूदगी में गाली-गलौज किये जाने के दृश्य सामने आने की बात कही जा रही है.

कई थाने की पुलिस ने शांत कराया मामला

रफीगंज में बवाल की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. आगजनी की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम भी पहुंची, लेकिन उसे उपद्रवियों द्वारा भगा दिये जाने की चर्चा रही. पुलिस और अग्निशमन कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की भी बात सामने आयी. घटना के बाद इलाके में तनाव बना रहा. करीब पांच घंटे बाद सड़क जाम हटाया जा सका. बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस पदाधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों के साथ बैठक की. इसमें शहर के समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों को भी शामिल किया गया. वार्ड पार्षद नूरूल होदा खान, शम्मू खान, मो सुहैल, मो जुबैर, पूर्व मुखिया शाहजादा शाही और फहद शाही सहित अन्य लोगों के साथ बैठक कर शांति बनाये रखने और कानून को हाथ में नहीं लेने की अपील की गयी.

एसपी ने कहा दोषियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई

मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि डॉक्टर रंजीत कुमार और कंपाउंडर सौरभ कुमार को हिरासत में लिया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम, मारपीट के वायरल वीडियो, आगजनी और तोड़फोड़ के मामलों की जांच कर रही है. वहीं औरंगाबाद के एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि एक व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना हुई थी. घायल व्यक्ति की मौत की अफवाह फैलने के बाद रफीगंज में बवाल किया गया. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

TagsBihar