टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार के औरंगाबाद जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला.बताया जा रहा है कि साइकिल से दो छात्राएं कोचिंग से घर लौट रही थी.इसी दौरान ओबरा-बेल पौथू मुख्य सड़क पर भताड़ी गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दोनों छात्राओं की साइकिल को टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं दूसरी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहाँ रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
घटना के बाद इलाके में लोगों का आक्रोश देखने को मिला.ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.मिली जानकारी के मुताबिक, छात्राएं नरौला गांव की रहने वाली थी. इनमे 14 वर्षीय आसिया प्रवीण, जो रुस्तम अली की बेटी थी, वही 15 वर्षीय अपसरी खातून, जो अंसारी की बेटी की मौत हो गई.बताया जा रहा है कि रोज की तरह दोनों छात्राएं साइकिल से बराही बाजार स्थित कोचिंग संस्थान में पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी.इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
दोनों की दर्दनाक मौत
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि आसिया प्रवीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अपसरी खातून ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया. दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही पल में दो घरों की खुशियां उजड़ गई.
फरार चालक की तलाश कर रही है पुलिस
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया.फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया है. वहीं हादसे में शामिल स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है.
