Bihar

बिहार के बदतमीज CO साहब! प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने की जगह करने लगे गाली-गलौज, फिर जो हुआ देखिए

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):सोशल मीडिया पर हमें हर तरह के वायरल वीडियो देखने को मिलते हैं. कुछ वीडियो को देखकर हमें अच्छी शिक्षा मिलती है, कुछ अच्छा करने के लिए हम प्रेरित होते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ वायरल वीडियो ऐसे होते हैं, जिसे देखकर या तो हमें गुस्सा आता है और हम सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि कोई अपने पद और गरिमा को किनारे करते हुए कैसे किसी के साथ भी अभद्र व्यवहार कर सकता है. दरअसल, बिहार के औरंगाबाद जिले से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जहां औरंगाबाद जिले के बरुण अंचल के सीओ नारायण राय पर ग्रामीण के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. वायरल वीडियो में सीओ साहब ग्रामीणों के साथ नोकझोंक करते दिख रहे हैं. पूरा माजरा क्या है, चलिए अब आपको बता देते हैं.

लोगों ने की सीओ को हटाने की मांग 

बता दें कि वीडियो वायरल होने के बाद अब ग्रामीण काफी गुस्से में हैं और बिहार सरकार और जिला प्रशासन से तुरंत हटाने की मांग कर रहे हैं. सीओ साहब और लोगों के बीच विवाद तब शुरू हुआ, जब जनकुप गांव के पास एनएच-19 पर दो दिन पहले जनकुप गांव के लोगों ने सड़क पार करने के लिए ओवरब्रिज बनाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था. जैसे ही प्रदर्शन की सूचना सीओ साहब को मिली, वह मौके पर पहुंचे. जब सीओ मौके पर पहुंचे तो प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच कहा-सुनी हुई. इसी दौरान सीओ ने ग्रामीण के साथ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, वहीं वहां से हटाने का प्रयास भी किया. वायरल वीडियो में दोनों लोगों के बीच नोकझोंक दिखाई दे रही है. इस नोकझोंक को वहीं खड़े एक व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है.

वीडियो बनाएं पर भड़के साहब

वहीं लोगों का आरोप है कि जब ग्रामीण और सीओ साहब के बीच नोकझोंक हो रही थी और वीडियो बनाया जा रहा था, तो जब उन्होंने वीडियो बनाते देखा तो युवक के पास आए और मोबाइल छीनने की भी कोशिश की. लोगों का आरोप है कि सीओ साहब ने हाथापाई भी की, जिससे लोगों का गुस्सा और ज्यादा बढ़ गया. वहीं जब स्थिति खराब होने लगी तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक माहौल गर्म रहा. बाद में सीओ वहां से चले गए और पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करवाया. हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि हमारा चैनल नहीं करता है.

इस तरीके से बदतमीजी करेंगे अधिकारी तो कहां जाएं लोग

अब बता दें कि वीडियो के वायरल होने के बाद अब कई सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी बड़े पद पर पदस्थापित अधिकारी को लोगों से संयमित और मर्यादित भाषा का प्रयोग करके बात करनी चाहिए. यदि इस तरह से अधिकारी ग्रामीणों से पेश आएंगे तो फिर लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें किससे कहने जाएंगे. लोग अब वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच करने और घटनाक्रम की सच्चाई उजागर करने की मांग कर रहे हैं. वहीं तत्काल सीओ को हटाने की भी मांग की गई है. ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते सीओ को नहीं हटाया और मामले की जांच निष्पक्ष नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे.

TagsBihar