Bihar

बिहार के अरवल में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस बोली- जांच के बाद होगा खुलासा

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बिहार के अरवल में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस बोली- जांच के बाद होगा खुलासा

अरवल (BIHAR) : बिहार के अरवल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. उत्पाद विभाग की हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. मृतक के परिजनों ने हिरासत में मारपीट का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

हिरासत के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रामपुर चौरम थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उत्पाद विभाग की टीम ने अनिल कुमार को शराब पीने के आरोप में हिरासत में लिया था. हिरासत के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही अनिल कुमार के परिजन अस्पताल और मौके पर पहुंचे. परिजनों ने उत्पाद विभाग के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि हिरासत के दौरान अनिल कुमार के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई. साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी जान चली गई. घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अरवल सदर अस्पताल भेज दिया.

पूरे मामले की कराई जा रही है निष्पक्ष जांच

उधर, प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. यदि जांच में किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं.