Bihar

दूसरे पति के साथ कोर्ट जा रही थी महिला, तभी ऑटो से खींचकर अपराधियों ने मार दी गोली,फिर क्या हुआ पढ़िये

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

अरवल (ARWAL):बिहार में सरकार की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को दुरुस्त करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन फिर भी अपराधी है कि मानने को तैयार नहीं है. ताजा मामला बिहार के अरवल जिले से सामने आया है, जहां एक महिला को बीच सड़क ऑटो से उतारकर गोली मार दी गई. बताया जा रहा है कि अरवल के करपी थाना क्षेत्र के जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग पर बाजितपुर मोड़ के पास बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान 28 वर्षीय शोभा कुमारी, पति पप्पू कुमार के रूप में हुई है.

पढ़ें पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक शोभा कुमारी अपने दूसरे पति पप्पू कुमार के साथ अरवल न्यायालय में गवाही देने आई थी. न्यायालय में गवाही देने के बाद दोनों ऑटो से जहानाबाद लौट रहे थे. इसी दौरान बाजितपुर मोड़ के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने ऑटो को रोक लिया और शोभा कुमारी को ऑटो से खींचकर गोली मार दी. गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, घटना के दौरान उसका पति पप्पू कुमार बाल-बाल बच गया.घटना की सूचना मिलते ही करपी थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस उपाधीक्षक कुमार संजय ने बताया कि घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए.

मामले की जांच कर रही है पुलिस

पुलिस के अनुसार, पप्पू कुमार मूल रूप से चिरारी बीघा के रहने वाले हैं और वर्तमान में जहानाबाद के टेनी बीघा में रहते हैं. वहीं, मृतका शोभा कुमारी का अपने पूर्व पति रविंद्र राम के साथ कई वर्षों से विवाद चल रहा था. मृतका के दूसरे पति पप्पू कुमार के बयान पर पूर्व पति रविंद्र राम समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है.पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. घटना के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

TagsBihar