☰
Bihar

बड़ा हादसा: अररिया में अनियंत्रित स्कॉर्पियो गिरी 50 फीट नीचे नदी में, सवार 6 लोगों की मौत

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

अररिया: बड़ी खबर अररिया से है जहां एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए. जख्मी व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने पटना रेफर कर दिया है. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार हो कर 7 व्यक्ति तिलक सगुण से लौट रहे थे इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो कर करीब 50 फीट नीचे नदी में गिर गई. हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर है. घटना अररिया के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के मदनपुर सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के समीप की है.

मामले में लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और करीब 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी. स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सिकटी प्रखंड के भपटियाई गांव में तिलक समारोह से सुपौल लौट रहे थे. मृतकों की पहचान मुन्ना कुमार, सौरभ कुमार, यश कुमार, आदित्य अमन, कुंदन कुमार और आर्यन कुमार के रूप में की गई. मृतकों में तीन की उम्र 15 और 16 वर्ष थी जबकि तीन लोगों की उम्र 20, 22 और 28 वर्ष की थी.

लोगों ने बताया कि अनियंत्रित हो कर स्कॉर्पियो सीधे 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी, जिसके बाद उसमें पानी भर गया और उसमें बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके. सभी की मौत दम घुटने से हो गई. हादसे की आवाज सुन आसपास और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा रस्सी और जेसीबी की मदद से स्कॉर्पियो को बाहर निकाला. घटना की सूचना पर ताराबाड़ी थाना की पुलिस और डीएसपी रजनीश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इधर एक साथ 6 लोगों की मौत से परिवार और इलाके में मातम का माहौल हो गया.

TagsBihar