☰
Bihar

बिहार संग्रहालय के मुरीद हुए आनंद महिंद्रा, सीएम सम्राट के निमंत्रण को किया स्वीकार, कहा 'जल्द उठाऊंगा लाभ'

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर वैश्विक पहचान मिली है. पटना स्थित बिहार संग्रहालय ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान हासिल कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है. इतना ही नहीं, एशिया में इसे सर्वश्रेष्ठ संग्रहालय का दर्जा मिला है. अंतरराष्ट्रीय यात्रा पत्रिका ‘वर्थ एंड जर्नी’ की ओर से जारी इस सूची में बिहार संग्रहालय की उपलब्धि की देशभर में सराहना हो रही है.

प्रसिद्ध उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी बिहार संग्रहालय की इस उपलब्धि की सराहना की है. उनके इस सकारात्मक रुख पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से उनका आभार जताया और उन्हें बिहार आने का आमंत्रण दिया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में लिखा कि 'आनंद महिंद्रा जी, बिहार की जनता की ओर से आपका हार्दिक आभार. बिहार की गौरवशाली विरासत हमारी पहचान और उपलब्धि का साझा संकल्प है. उन्होंने आनंद महिंद्रा को बिहार संग्रहालय भ्रमण और हाई टी पर संवाद के लिए सादर आमंत्रित किया। साथ ही उद्योग, कृषि, तकनीक और पर्यटन के क्षेत्र में साझेदारी के जरिए निवेश, रोजगार तथा युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की अपील की.'

मुख्यमंत्री के इस आत्मीय निमंत्रण पर आनंद महिंद्रा ने भी गर्मजोशी से प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण और उत्साहजनक जवाब सचमुच दिल छू लेने वाला है. बिहार संग्रहालय को लेकर मुख्यमंत्री का गर्व और लगाव भी उन्हें अच्छा लगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि जब भी बिहार आने का अवसर मिलेगा, वे मुख्यमंत्री के निमंत्रण का लाभ जरूर उठाएंगे.

TagsBihar