☰
Bihar

सम्राट चौधरी-प्रशांत किशोर की मुलाकात ने बढ़ाई बिहार की सियासी हलचल, क्या कोई नया संकेत या शिष्टाचार का केवल नमूना?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

TNP DESK: बिहार में एक तस्वीर की खूब चर्चा हो रही है.  यह  महज संयोग  है अथवा पूर्व निर्धारित तय समय , इसके बारे में तो किसी को कुछ पता नहीं है, लेकिन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधायक प्रशांत किशोर के मिलने के अंदाज की खूब चर्चा हो रही है.  यह चर्चा बिहार से चलकर झारखंड तक पहुंच गई है.  झारखंड से धनबाद में भी यह चर्चा छा गई है.  वैसे भी धनबाद को झारखंड का "मिनी बिहार" कहा जाता हैं.  सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर गुरुवार को गर्म जोशी से एक दूसरे से मिले।  एक दूसरे के विरोधी दोनों नेता जब आमने-सामने आए, तो एक दूसरे को देख पहले मुस्कराये , फिर दोनों ने हाथ भी मिलाया।  हाथ मिलाने का अंदाज भी कुछ निराला था.  दोनों नेताओं ने कुछ सेकेंड के लिए बातचीत भी की. 

वायरल तस्वीर पर लोग दनादन दे रहे प्रतिक्रिया 

 उसके बाद तो दोनों नेताओं की तस्वीर कैमरे में कैद हो गई और फिर सोशल मीडिया पर छा गई.  इस तस्वीर पर लोग अपने-अपने ढंग से प्रतिक्रिया दे रहे है.  जानकारी के अनुसार सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर गुरुवार की शाम पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित अन्नपूर्णा आवास में सांसद स्वर्गीय आरके सिंह के श्राद्ध कर्म  में शामिल होने के लिए पहुंचे थे.  संयोग  रहा कि दोनों एक ही समय वहां पहुंचे, जैसे ही दोनों आमने-सामने हुए, मुस्कुराए और एक दूसरे का अभिवादन किया।  इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और स्वर्गीय सिंह के पुत्र ऋतुराज सिन्हा  भी मौजूद थे.  बाद में दोनों ने साथ बैठकर बातचीत  भी की.  

कैमरे चमकने लगे ,मोबाइल की लाइट जलने लगीं 

इस दौरान प्रशांत किशोर के बगल में लालू प्रसाद की बेटी   रोहिणी आचार्य भी देखी गई.  तीनों नेताओं के अगल-बगल बैठने के बाद कैमरा तो कैमरा, लोगों के हाथों की मोबाइल भी फोटो कैद करने लगी.  उसके बाद तो खुसुरफुसुर  शुरू हो गई.  दरअसल, प्रशांत किशोर ,सम्राट चौधरी के घोर विरोधी है.  वह सम्राट चौधरी पर लगातार राजनीतिक हमले करते रहे है.  सम्राट चौधरी भी गाहे बेगाहे   प्रशांत किशोर पर हमलावर रहते हैं.  ऐसे में दोनों के साथ होने से चर्चा होना स्वाभाविक  थी, चर्चा हो भी रही है.  वैसे भी बिहार की राजनीति अभी कई मायनो  में चर्चा में है.

क्या प्रशांत किशोर व्यक्तिगत संबंधों में शिष्टाचार बनाए रखना चाहते हैं?
 
सवाल यह भी है कि लगातार हमलावर रहने के बाद प्रशांत किशोर का यह सहज व्यवहार किसी बदले हुए राजनीतिक अंदाज का संकेत है? क्या वे सरकार की आलोचना जारी रखते हुए व्यक्तिगत संबंधों में शिष्टाचार बनाए रखना चाहते हैं? या फिर यह महज संयोग था कि दोनों नेता एक ही कार्यक्रम में एक ही समय पहुंच गए?बता दें कि प्रशांत किशोर लगातार बिहार की कानून-व्यवस्था, रोजगार, पलायन और सरकार के कामकाज को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सवाल उठाते रहे हैं. उनके बयानों में मुख्यमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी शामिल रही है.