बाढ़ (BIHAR): बाढ़ थाना क्षेत्र के बहरामा फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई. मृतक की पहचान बालेंद्र यादव उर्फ वाला के रूप में हुई है. घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है. हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. जानकारी के मुताबिक, बालेंद्र यादव रोज की तरह टहलने के लिए अपने घर से निकले थे. इसी दौरान बहरामा फोरलेन पर परशुराम बाबा लाइन होटल के आसपास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद काफी दूर तक घसीटता ले गया वाहन
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालेंद्र यादव उसकी चपेट में आने के बाद काफी दूर तक घसीटते चले गए. गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. बालेंद्र यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. वहीं, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली.
मुआवजे की मांग को लेकर फोरलेन किया जाम
आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए बहरामा फोरलेन को जाम कर दिया. सड़क पर लोगों के जमा होने के कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए. उन्होंने अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना में शामिल वाहन का जल्द पता लगाने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. सड़क जाम की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने तथा आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई की मांग की जा रही है.
