☰
Bihar

छठ हादसों में 16 जिलों में 33 लोगों की मौत , परिवार में मातम

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

बिहार: लोक आस्था के महापर्व में एक तरह जहां लोग ख़ुशियाँ मना रहे थे वहीं दूसरी तरफ़ इस महापर्व में कई परिवारों में मातम पसरा हुआ था. इस महापर्व के दौरान कई परिवार की ख़ुशियाँ उजड़ गयीं. किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने भाई. छठ के दौरान बिहार के 16 जिलों से कई दर्दनाक हादसों की खबर सामने आई है. इन हादसों में कुल 33 लोगों की मौत हो गई. छठ पर्व के दौरान हुई इन घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. जिन घरों में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है.

छठ महापर्व को बिहार में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. लाखों की संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब, पोखर और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. लेकिन इस बार पर्व के दौरान कई जगहों पर हुए हादसों ने उत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश के 16 अलग-अलग जिलों में हुई दुर्घटनाओं में 33 लोगों की जान चली गई.  रिपोर्ट्स के मुताबिक खगड़िया में दो सारण, कैमूर, औरंगाबाद, बेगूसराय, सहरसा, लखीसराय, दरभंगा में दो-दो और मधुबनी, मुंगेर, मोतिहारी, मधेपुरा, नवादा और सीतामढ़ी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है. वहीं पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र में पुनपुन नदी में डूबने से तीन  की मौत हो गई.समस्तीपुर में सात लोगों की मौत हुई.  इन घटनाओं में कई परिवारों ने अपनों को हमेशा के लिए खो दिया. किसी घर का बेटा तो किसी परिवार का भाई और किसी मां की आंखों का तारा इस दुनिया से चला गया. हादसों की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय स्तर पर प्रशासन और पुलिस की टीमों ने घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद राहत एवं बचाव कार्य किए. वहीं घटनाओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई भी की गई. इन हादसों ने एक बार फिर छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

छठ पूजा के दौरान घाटों पर भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान, बैरिकेडिंग और बचाव दल की तैनाती बेहद जरूरी हो जाती है. प्रशासन की ओर से लोगों को जलाशयों में सावधानी बरतने और निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा करने की सलाह दी जाती है.

33 मौतों से दहला बिहार

छठ का पर्व जहां परिवारों को एक साथ जोड़ने और सुख-समृद्धि की कामना का प्रतीक है, वहीं इन दर्दनाक हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. 16 जिलों में हुई 33 मौतों के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आस्था के इस महापर्व पर हुए हादसों ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है.